सीआईडी (सीबी) ने शनिवार सुबह 90 क्विंटल खैर की लकड़ी से भरा ट्रक जब्त किया। इसकी कीमत करीब 30 लाख रुपए बताई जा रही है। राजस्थान-मध्यप्रदेश सीमा पर बेंगू थाने क्षेत्र में इस ट्रक को पकड़ा गया। इसके साथ 2 तस्कर भी गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, सीआईडी की टीम को सूचना मिली की नीमच के सिंगोली जिले में एक ट्रक खैर की लकड़ी से भरा गया है। इसे गुड़गांव ले जाया जाना है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (क्राइम) बीएल सोनी के निर्देशन में कार्रवाई की गई। खैर की लकड़ी प्रतिबंधित वन उपज है। इसका इस्तेमाल पान का कत्था बनाने के लिए किया जाता है।