भारत लौटे दुबई में फंसे पंजाब और हरियाणा के 8 नौजवान, छह महीने से नहीं मिल रही थी तनख्वाह


दुबई में फंसे पंजाब और हरियाणा के 8 नौजवान आज अपने देश लौट आए हैं। सभी नौजवान जैसे ही चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचे, वहां पहले से मौजूद इनके परिजनों की आंखें इन्हें देखकर भीग गईं। नौजवानों की आंखें भी नम थीं।


दरअसल ट्रैवल एजेंट्स के झांसे में आकर ये सभी नौजवान वहां फर्जी कंपनियों के शिकार हो गए थे। पिछले छह महीने से तो इन्हें तनख्वाह भी नहीं मिल रही थी। सरबत का भला चैरीटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन और दुबई बेस्ड बिजनेसमैन एसपी सिंह ओबराय ने इन्हें वहां से लाने में अहम भूमिका निभाई है। ओबरॉय चार नौजवानों को उनके परिवार वालों की सहमति से अपनी कंपनी में जॉब देंगे।


ओबराय अब तक हजारों नौजवानों को ब्लड मनी देकर विदेशों से मुक्त करवा चुके हैं। बता दें कि इन 8 नौजवानों में से हरियाणा के कुरुक्षेत्र व करनाल जिलों के चार और पंजाब के अमृतसर से एक, एक रोपड़ तथा एक होशियारपुर व एक दिल्ली का रहने वाला है।


बकौल ओबरॉय दुबई की एक सिक्योरिटी कंपनी ने नौकरी का झांसा देकर इन सभी नौजवानों को बुलाया था। जब ये वहां पहुंचे तो पता चला कि कंपनी बंद हो चुकी है। इसी वजह से इन्हें तनख्वाह भी नहीं मिली और खाना तक भी नहीं मिल रहा था। कुल 29 में से अाठ नौजवानों के सही डॉक्युमेंट्स सही थे। वो आज वापस लौट आए हैं। बाकियों को जल्द वापस लाया जाएगा।