कोटा में दो दिन से दहशत व सस्पेंस का कारण बने अजीब से जानवर की पहचान कॉमन पॉम सिवेट के रूप में हुई है। सीसीटीवी में कैद हो जाने के बाद वन विभाग की टीमें इसे तलाश रही थीं लेकिन इसका कोई अता-पता नहीं चल रहा था। कुछ वन अधिकारियों ने इसकी पहचान की तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली है।
दरअसल कोटा की सरस्वती कॉलोनी में गुरुवार रात को सीसीटीवी में अजीब सा जानवर दिखा। कुछ लोगों को लगा कि यह लैपर्ड हो सकता है। सूचना पर स पर एसीएस तरुण मेहरा ने अपनी एक टीम को सर्च में लगाया, लेकिन इसका कुछ पता नहीं चला। यह दूसरी रात को भी कैमरे में कैद हुआ।
इसलिए नहीं हुआ ट्रेस
यह अजीब जानवर इसलिए ट्रेस नहीं हो पाया क्योंकि इलाका पक्का होने के कारण इसके पगमार्क नहीं मिले। साथ ही इसे किसी ने देखा भी नहीं। लोग कयास लगा रहे थे कि यह लैपर्ड हो सकता है। इसे पहले कभी बस्ती में नहीं देखा गया। यह अभी तक वन विभाग की टीम को नहीं मिला है, लेकिन रिटायर्ड एसीएफ डॉ सतीश शर्मा ने बताया कि यह कॉमन पॉम सिवेट है। यह यह सीधा-साधा जानवर है जिससे घबराने की जरूरत नहीं है। यह रात में ही निकलता है। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
बिल्ली के आकार का स्तनधारी है
कॉमन पॉम सिवेट को एशियन पॉम सिवेट के नाम से भी जाना जाता है। यह बिल्ली के आकार का स्तनधारी है। यह दक्षिण एशियाई उष्ण कटिबंधीय वर्षा वनों में पाया जाता है। यह हिमालय व दक्षिणी चीन के साथ फिलीपीन्स, मलाया प्रायद्वीप और इंडोनेशियाई द्वीपों में भी पाया जाता है। यह घने जंगलों, कृषि क्षेत्रों और मानव के आस-पास भी पाया जाता है। इसका वजन करीब 3.2 किलोग्राम होता है। इसकी पूंछ 19 इंच लंबी होती है। यह रेपटाइल्स, अंडे व कीटाणुओं के साथ फल भी खाता है।