रामलीला मैदान में तैयार हो रहा 70 फीट चौड़ा और 10 फीट ऊंचा मंच; केजरीवाल लेंगे तीसरी बार शपथ


 रामलीला मैदान में आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की तैयारियां चल रही है। मुख्यमंत्री समेत पूरी दिल्ली सरकार की कैबिनेट रविवार सुबह 10 बजे के कार्यक्रम में शपथ लेंगी। रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री 70 फीट चौड़े, 20 फीट लंबे और 10 फीट ऊंचे मंच से शपथ लेंगे। अरविंद केजरीवाल ने जनता को शपथ ग्रहण समारोह में आशीर्वाद देने आने का निमंत्रण दिया है। समारोह में करीब 1 लाख लोगों के आने की उम्मीद है।


रामलीला मैदान में जनता के बैठने के लिए करीब 40 से 45 हजार कुर्सियों का इंतजाम किया है। साथ ही लोगों की सुविधा के लिए शपथ ग्रहण समारोह देखने के लिए 12 एलईडी लगाई जाएगी। जिसमें 8 मैदान के अंदर और 4 मैदान के बाहर लगेगी। इसके अलावा पूरे मैदान में चार साउंड हैंगर और 50 से अधिक लाउड स्पीकर मैदान के बाहर लगाए जाएंगे। बता दें आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनाव में 70 में से 62 सीटें अपने नाम की हैं। बाकी 8 पर भाजपा ने कब्जा जमाया है।


कुछ सड़कों पर 6 घंटे प्रतिबंधित रहेंगे कॉमर्शियल वाहन


भव्य समारोह में बड़ी भीड़ पहुंचने का अनुमान है। ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ने के डर से ट्रैफिक पुलिस ने रामलीला मैदान को जोड़ने वाली सड़कों पर कॉमर्शियल वाहनों के आवागम पर सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रतिबंध लगाया है। वहीं कार और बस की पार्किंग के लिए पहले से जगह तय की है ताकि वहां तक लोग वाहन लेकर ना पहुंचे और ट्रैफिक जाम से बचा जा सके। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह 12.15 बजे होगा लेकिन ट्रैफिक व्यवस्था की प्रतिबंधित व्यवस्था सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक लागू रहेगा।


तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने वालों में केजरीवाल होंगे दूसरे शख्स
दिल्ली में लगातार तीन बार शीला दीक्षित मुख्यमंत्री पद पर आसीन हुई थीं। इसके बाद अरविंद केजरीवाल वो दूसरे शख्स होंगे जो लगातार तीन बार मुख्यमंत्री पद का शपथ लेंगे। शीला दीक्षित 15 साल तक दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं। उन्हें 2013 में हराकर अरविंद केजरीवाल ने 49 दिन के लिए दिल्ली की सत्ता संभाली थी। इसके बाद वर्ष 2015 में 70 में से 67 सीटें जीतकर दोबारा मुख्यमंत्री बने। वहीं 2020 में फिर दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी के झोली में 70 में से 62 सीटें दी हैं।